प्रश्न: शास्त्री जी, कुछ दिन पहले आप ने हम सब से गूगल के नॉल पर हिन्दी में लिखने को कहा. आज आप ने आह्वान किया कि विकिपीडिया पर हिन्दी में आलेख लिखें. सवाल है कि इन में से कौन सा बेहतर है. मुझे तो सब गडबड मालूम पडता है. बाल नोचने की इच्छा होती है.
मेरे आलेख यह विकिपीडिया क्या बला है?? के छपने के बाद किसी अनाम सज्जन ने सुझाव-बॉक्स की सहायता से यह प्रश्न भेजा है. उनका इशारा विकिपीडिया के लेख के साथ नॉल: आईये हिन्दी के लिये कुछ करें — 01 और नॉल: आईये हिन्दी के लिये कुछ करें — 02 की ओर है.
उत्तर: प्रिय दोस्त कई बार गडबड या असंतुलन किसी वस्तु में नहीं, बल्कि देखने वाले की नजर में होता है. एक से अधिक चुनाव की उपलब्धि को आप गडबड के रूप में देखते हैं. लेकिन विषय के दूसरे पहलू को जरा देखने की कोशिश करें जो इस प्रकार है:
कल अनुनाद जी ने अपने पत्र में लिखा था “हिन्दी विकिपिडिया का समुचित विकास होने पर हिन्दी में ज्ञान की कमी का रोना सदा के लिये बन्द किया जा सकता है।”
हम सब जानते हैं कि अंग्रेजी की तुलना में हिन्दी में पर्याप्त आलेख किसी भी विषय पर नहीं मिल पाते है. लोग इसका बडा रोना रोते हैं. लेकिन विकिपीडिया के आने से इस रोने का इलाज करने के लिये एक कारगर दवा मिल गई है. नॉल के आने से दो दवायें हो गई हैं, न कि सब गडबड हो गया है.
आज जालजगत में अंग्रेजी के कई विश्व/ज्ञानकोश उपलब्ध हैं. हरेक की अपनी खासियत है, अपनी उपयोगिता है. किसी को एक पसंद है, किसी को दूसरा पसंद है. कई सब का सहारा लेते हैं. महज इसलिये कोई बाल नहीं नोचता कि एक से अधिक चुनाव लभ्य है. बल्कि जब ज्ञान के लिये एक से अधिक मुफ्त स्रोत उपलब्ध हो जाता है तो हरेक को फायदा होता है.
यह हमारा भाग्य है कि अब हिन्दी में दो ज्ञान/विश्वकोश की नीव पड गई है. हम में से हरेक व्यक्ति के पास ऐसी जानकारियां हैं जिन से दूसरों को फायदा हो सकता है. आप के शहर के एक अज्ञात, लेकिन महत्वपूर्ण, एतिहासिक स्थल से लेकर आपके शहर की लुप्त होती कलाओं के बारे में आप से बेहतर कोई नहीं लिख सकता!!
बाल नोचना छोडिये. लिखना शुरू कर दीजिये. हिन्दी में ज्ञान की कमी का रोना रोने के बदले आईये हिन्दी के लिये कुछ करने के लिये कमर कस ले!!
Article Bank | Net Income | Indian Coins | Physics Made Simple | India
Photograph: Pulling My Hair Out! by Katalyst (is still a…



